Raipur Crime : रायपुर : रायपुर में टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, थाना तेलीबांधा और डीडी नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने की। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, नगदी, एक कार और लाखों रुपए के सट्टे का हिसाब जब्त किया गया है।
Raipur Crime : पुलिस के अनुसार, भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर तेलीबांधा क्षेत्र में कार्रवाई कर चार आरोपियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में धरमू उर्फ धर्मेंद्र पोहानी, संजय तकटानी उर्फ सोनू, राहुल असलानी और अभय शर्मा उर्फ अब्बू शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी kingdombooks.com और jmdbet777.com जैसी ऑनलाइन बेटिंग साइट्स के जरिए आईडी बनाकर और बांटकर सट्टा खिला रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 8 मोबाइल फोन, 16 हजार रुपये नकद, एक क्रेटा कार (सीजी 04 एमपी 0633) और लाखों रुपये के सट्टे का हिसाब जब्त किया है। इस मामले में थाना तेलीबांधा में जुआ एक्ट और छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि धरमू उर्फ धर्मेंद्र पोहानी और अभय शर्मा उर्फ अब्बू पहले भी सट्टा और मारपीट के मामलों में जेल जा चुके हैं।
वहीं डीडी नगर क्षेत्र के सत्यम विहार कॉलोनी रायपुरा में भी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अनिल खत्री और लीला राम पहलाजानी को गिरफ्तार किया। दोनों [www.onebet9.com](http://www.onebet9.com) के जरिए ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे। इनके पास से 4 मोबाइल फोन और करीब 2 लाख रुपये के सट्टे का हिसाब जब्त किया गया है।
Raipur Crime : पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले अन्य लोगों की भी जानकारी मिली है, जिनके खिलाफ आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। रायपुर पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक ऑनलाइन सट्टा के 7 मामलों में 28 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 2 करोड़ 25 लाख 35 हजार 600 रुपये का मशरूका जब्त किया जा चुका है।




