CG CRIME : जशपुर : जशपुर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 207 किलो गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 3 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। तस्करी के इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामला कांसाबेल थाना क्षेत्र की दोकड़ा चौकी का है।
CG CRIME : पुलिस के अनुसार, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में “ऑपरेशन आघात” अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत लगातार नशे के सौदागरों पर कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 12 मई को पुलिस को सूचना मिली कि एक सफेद पिकअप वाहन में गांजा की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने देवरी गांव के पास नाकेबंदी की।
CG CRIME : नाकेबंदी देखकर वाहन चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने बगिया-दोकड़ा मुख्य मार्ग पर उसे पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर आम की ट्रे के बीच टेप से लिपटे 207 पैकेट गांजा बरामद हुए। पुलिस ने गांजा के साथ पिकअप वाहन, एक मोबाइल फोन और 550 रुपए नकद भी जब्त किए हैं।
CG CRIME : गिरफ्तार आरोपी की पहचान बगीचा थाना क्षेत्र के विमड़ा गांव निवासी प्रेम नाथ सिंह (36) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा ओडिशा के सुंदरगढ़ से लेकर आया था और उसे अंबिकापुर पहुंचाना था, जहां से दूसरी खेप उत्तर प्रदेश भेजी जानी थी।
CG CRIME : पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(सी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
CG CRIME : जशपुर पुलिस के मुताबिक, जनवरी 2026 से अब तक जिले में नशे के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाई की जा चुकी हैं। इस दौरान करोड़ों रुपए के गांजा, नशीली कफ सिरप और ब्राउन शुगर जब्त कर 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।



