मुंगेली कोर्ट

मुंगेली कोर्ट में आरोपी का हंगामा: कटघरे से कूदकर CJM को दी जान से मारने की धमकी, बोला- ‘तू मेरे को जेल भेजेगा बे’; FIR दर्ज

राज्य-छत्तीसगढ़

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिला न्यायालय में पेशी के दौरान एक आरोपी ने जमकर हंगामा किया। ट्रक चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी भगतराम राजपूत ने कटघरे में खड़े होकर पीठासीन अधिकारी (CJM) को जान से मारने की धमकी दे दी। इतना ही नहीं, वह कटघरे से कूदकर डायस तक पहुंच गया और वहां लगे कांच के फ्रेम को तोड़ने की कोशिश करने लगा। घटना के बाद न्यायालयीन कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।

नाम पूछने पर पुलिसकर्मियों से करने लगा बदसलूकी

जानकारी के मुताबिक, सरगांव थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 189/2026 के तहत ट्रक चोरी के आरोपी भगतराम राजपूत (25) को 16 नवंबर को रिमांड के लिए मुंगेली जिला न्यायालय में पेश किया गया था। शाम करीब 4:30 बजे जब पुलिसकर्मी उसे कटघरे में खड़ा करने ले जा रहे थे, तब उसने अपना नाम बताने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करने लगा।

कटघरे से कूदकर डायस पर पहुंचा, दी जान से मारने की धमकी

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने पीठासीन अधिकारी की ओर उंगली दिखाते हुए कहा, ‘तू मेरे को जेल भेजेगा बे।’ इसके बाद वह अचानक कटघरे से कूदकर अधिकारी के सामने लगे कांच के फ्रेम तक पहुंच गया और उसे तोड़ने का प्रयास करने लगा। इस दौरान उसने पीठासीन अधिकारी और न्यायालयीन कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।

न्यायालयीन कर्मचारी की शिकायत पर FIR

घटना के बाद प्रस्तुतकर्ता शत्रुघन कुमार बेलदार ने मुंगेली थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में घटना को न्यायालय की गरिमा और न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताया गया है।

पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया मामला

मुंगेली पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी भगतराम राजपूत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।