Raipur News : रायपुर। राजधानी में सड़क सुरक्षा को लेकर रायपुर पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 14 मार्च की रात शहर में बड़ी कार्रवाई करते हुए 132 नशे में वाहन चलाने वाले चालकों को पकड़ा गया। इन सभी के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई है और सोमवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।
Raipur News : रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल विकास कुमार के निर्देश पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे में वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा काफी बढ़ जाता है और चालक अपने साथ-साथ दूसरों की जान भी खतरे में डालता है।
इसी कड़ी में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार इस साल जनवरी से अब तक करीब 1100 नशे में वाहन चलाने वाले चालकों पर कार्रवाई की जा चुकी है।
14 मार्च की रात एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के नेतृत्व में शहर के आठ अलग-अलग स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यातायात थाना प्रभारियों और स्टाफ की टीमों ने चेकिंग के दौरान 132 वाहन चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह अभियान किसी टारगेट को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा है। शराब पीकर वाहन चलाना कानूनन अपराध होने के साथ ही गंभीर जोखिम भी है, इसलिए इस पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक बनें। पुलिस का कहना है कि शहर में सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।




