Raipur Crime : रायपुर : रायपुर के शंकर नगर स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स में हुई 90 लाख रुपए की बड़ी चोरी के मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़ा मोड़ सामने आया है। चोरी के मुख्य आरोपी ने गिरफ्तारी के डर से कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जबकि उसके नाबालिग साथी को पुलिस ने 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी के पास से करीब 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं।
Raipur Crime : स्निफर डॉग और CCTV से खुला सुराग
Raipur Crime : घटना की जांच के दौरान फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। स्निफर डॉग दुकान से करीब 1.5 किलोमीटर दूर गांधी नगर-काली नगर रोड तक पहुंचा और वहीं जाकर रुक गया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
Raipur Crime : जांच के दौरान पुलिस ने अभनपुर, चंद्रखुरी और शंकर नगर समेत कई इलाकों के 300 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले। लोकेशन ट्रैकिंग और पुराने अपराधियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस कालीनगर इलाके तक पहुंची, जहां से नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया गया।
Raipur Crime : चोरी के बाद गरियाबंद में की पार्टी
Raipur Crime : पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के बाद दोनों आरोपी गरियाबंद के पांडुका इलाके गए थे। वहां दोनों ने पार्टी की और देर रात वापस रायपुर लौट आए। सोमवार सुबह चोरी की खबर फैलते ही दोनों अलग हो गए। मुख्य आरोपी अधिकांश जेवर अपने पास रखकर उन्हें बेचने की बात कहकर गायब हो गया था।
Raipur Crime : ऐसे दिया चोरी को अंजाम
Raipur Crime : शनिवार देर रात करीब 2:19 बजे दो नकाबपोश युवक बाइक से लक्ष्य ज्वेलर्स पहुंचे। अस्पताल के पास बाइक खड़ी करने के बाद दोनों पैदल दुकान तक पहुंचे और कटर से ताला काटकर अंदर घुस गए। करीब 20 से 30 मिनट तक दुकान के भीतर रहकर उन्होंने केवल सोने के जेवर चोरी किए, जबकि चांदी और आर्टिफिशियल ज्वेलरी को हाथ तक नहीं लगाया।
Raipur Crime : रविवार को दुकान बंद होने के कारण चोरी का पता नहीं चल पाया। सोमवार सुबह दुकान खुलने पर घटना सामने आई। CCTV फुटेज में आरोपी आराम से बैग में जेवर भरते दिखाई दिए।
Raipur Crime : घर के अंदर फंदे पर मिला मुख्य आरोपी
Raipur Crime : पुलिस जब मुख्य आरोपी की तलाश में उसके घर पहुंची तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। जांच के दौरान वह घर के अंदर फंदे पर लटका मिला। पुलिस का मानना है कि साथी के पकड़े जाने की जानकारी मिलने के बाद उसने डरकर आत्महत्या कर ली।
Raipur Crime : हालांकि परिजनों का कहना है कि आरोपी को झूठा फंसाया गया है और वह चोरी में शामिल नहीं था। बताया जा रहा है कि आरोपी अपने माता-पिता के बिना बहनों के साथ रहता था।
Raipur Crime : दो दिन तक की थी रेकी
Raipur Crime : पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी आदतन अपराधी थे और पहले भी कई इलाकों में चोरी की कोशिश कर चुके थे। दोनों मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले बताए जा रहे हैं और रायपुर के कालीमाता वार्ड में किराए के मकान में रह रहे थे।
Raipur Crime : जांच में यह भी सामने आया कि दोनों ने लक्ष्य ज्वेलर्स की दो दिन तक रेकी की थी। पुलिस ने कुछ समय पहले ही दुकान संचालक को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सेंट्रल लॉक सिस्टम लगाने की सलाह दी थी, लेकिन इसके बावजूद आरोपी बड़ी वारदात को अंजाम देने में सफल रहे।



