CG IT raid:रायपुर। छत्तीसगढ़ में बुधवार सुबह आयकर विभाग (IT) ने कई बड़े लोहा कारोबारियों और उनसे जुड़ी फर्मों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। रायपुर, अंबिकापुर, सूरजपुर, बिलासपुर और रायगढ़ में विभाग की अलग-अलग टीमों ने दबिश देकर कारोबारी दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की जांच शुरू की है। इस कार्रवाई में PRA ग्रुप, जेपी मित्तल और बर्बरीक ग्रुप से जुड़े ठिकाने जांच के दायरे में हैं।
रायपुर के खम्हारडीह स्थित बनियान ट्री सोसाइटी में कारोबारी प्रहलाद राय अग्रवाल और महेश राय अग्रवाल के आवास पर आयकर विभाग की टीम पहुंची। वहीं, PRA ग्रुप के संचालक रमेश अग्रवाल के सूरजपुर स्थित पैतृक निवास और अंबिकापुर के मनेंद्रगढ़ रोड स्थित आवास पर भी छापेमारी की गई। सुबह से ही पुलिस बल की मौजूदगी में जांच चल रही है।
बिलासपुर में जेपी मित्तल के घर और दफ्तर पर दबिश
बिलासपुर में लोहा कारोबारी जयप्रकाश (जेपी) मित्तल के विद्या नगर स्थित निवास प्रकाश पुंज पर तीन गाड़ियों में पहुंची टीम ने जांच शुरू की। इसके अलावा व्यापार विहार स्थित मित्तल स्टील इस्पात, स्टीलमार्ट और हनुमान हार्डवेयर स्टोर के कार्यालय व प्रतिष्ठानों पर भी छापेमारी की गई। अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच के साथ कारोबारी से पूछताछ की।
रायगढ़ में बर्बरीक ग्रुप के चार ठिकाने जांच के दायरे में
CG IT raid:रायगढ़ में रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप से जुड़ी फर्मों पर आयकर विभाग ने कार्रवाई की। सुबह करीब 5 बजे 12 से 15 अधिकारियों की टीमें पहुंचीं। कोतरारोड स्थित बर्बरीक हाउस, कालिंदी कुंज समेत चार ठिकानों पर दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप आपस में जुड़े हुए हैं और साथ कारोबार करते हैं।
CG IT raid:जांजगीर-चांपा में भी आयकर विभाग की टीम द्वारा दबिश दिए जाने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल आयकर विभाग की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच में क्या सामने आया है और किन वित्तीय लेन-देन की पड़ताल की जा रही है, इसकी जानकारी कार्रवाई पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




