PM Modi Letter: रायपुर। ‘दादाजी, क्या मैं आपको दादाजी कह सकती हूं? मुझे अभी बहुत कुछ करना है, मुझे बचा लीजिए…’ ये शब्द हैं महज 3 साल 9 महीने की काव्या के, जो ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही है। रायपुर एम्स (AIIMS) में भर्ती इस मासूम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भावुक पत्र लिखकर अपने इलाज के लिए मदद की गुहार लगाई है। काव्या के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। उसके पिता भूमिहीन किसान हैं और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। ऐसे में बेटी के इलाज का खर्च उठाना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
काव्या ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से रायपुर एम्स में भर्ती है। इससे पहले उसका इलाज रायगढ़ के एक अस्पताल में चल रहा था। अस्पताल में डॉक्टर और नर्स उसकी देखभाल कर रहे हैं, जबकि माता-पिता भी लगातार उसके साथ हैं। मासूम ने पत्र में लिखा कि उसने कई बार अपने मम्मी-पापा को रोते हुए देखा है। डॉक्टर और पिता के बीच अपनी बीमारी को लेकर हुई बातचीत सुनने के बाद उसे डर लगने लगा कि कहीं वह दोबारा घर नहीं लौट पाएगी।
पत्र में काव्या ने मासूमियत से पूछा है कि उसे कैंसर क्यों हुआ? क्या ज्यादा चॉकलेट खाने से या खेतों में इस्तेमाल होने वाली खाद और दवाइयों से यह बीमारी हुई है? उसने लिखा कि उसे बीमारी के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन वह अभी ठीक से जीना भी नहीं सीख पाई है।
काव्या का सपना डॉक्टर बनने का है। वह आंगनबाड़ी जाती थी, बच्चों के साथ खेलती थी और धीरे-धीरे पढ़ना सीख रही थी। उसे मां की गोद में सोना और पिता के साथ घूमना पसंद है। वह बड़ी होकर डॉक्टर बनना चाहती है, ताकि अस्पताल में बीमार बच्चों का इलाज कर सके और किसी बच्चे को अपनी मां से दूर न रहना पड़े।
अपने परिवार की आर्थिक परेशानी बताते हुए काव्या ने लिखा कि उसके पिता के पास अपनी जमीन नहीं है। वे मजदूरी करके परिवार चलाते हैं। उसे नहीं पता कि उसके इलाज में कितना पैसा खर्च हो रहा है और पिता इसका इंतजाम कैसे कर रहे हैं, लेकिन वह जानती है कि उसके माता-पिता उससे बहुत प्यार करते हैं।
PM Modi Letter: प्रधानमंत्री से मदद मांगते हुए काव्या ने लिखा कि उसे कोई खिलौना या चॉकलेट नहीं चाहिए, बल्कि सिर्फ थोड़ी-सी जिंदगी चाहिए। उसने बेहतर इलाज और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है। पत्र के अंत में मासूम ने अपने छोटे-छोटे सपनों का जिक्र करते हुए लिखा कि उसे अभी स्कूल जाना है, आंगनबाड़ी में खेलना है, माता-पिता के साथ घर लौटना है और डॉक्टर बनने का सपना पूरा करना है। उसकी पूरी चिट्ठी की सबसे भावुक गुहार है- ‘प्लीज दादाजी, मुझे जीना है।’




