CG NEWS: रायपुर। छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है। प्रदेश के दूरस्थ ग्रामीण अंचलों से लेकर जिला अस्पतालों तक स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी संभालने वाले हजारों कर्मचारी आज भी अपने भविष्य की सुरक्षा और नियमितीकरण की उम्मीद लगाए बैठे हैं। इनमें ऐसे कर्मचारी भी हैं, जिन्होंने अपने जीवन के 20 से 22 वर्ष स्वास्थ्य सेवाओं को समर्पित कर दिए, लेकिन आज तक स्थायी सेवा का अधिकार नहीं मिल पाया।
विडंबना यह है कि जिन कर्मचारियों ने हजारों परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में अपना जीवन खपा दिया, आज उन्हीं के परिवार अपने भविष्य की सुरक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
दो दशकों का संघर्ष, आखिर कब मिलेगा न्याय?
एनएचएम संविदा कर्मचारियों का संघर्ष कोई नया नहीं है। वर्ष 2016 में बूढ़ातालाब रायपुर आंदोलन, 2018 में ईदगाह भाठा मैदान आंदोलन, 2020 में कोरोना महामारी के दौरान संघर्ष, 2023 में तूता नया रायपुर में आवासीय आंदोलन और वर्ष 2025 का व्यापक संविदा कर्मचारी आंदोलन इस लंबे संघर्ष के प्रमुख पड़ाव रहे हैं।
इस दौरान कर्मचारियों ने अनेक कठिन परिस्थितियों, विभागीय कार्रवाई और आर्थिक चुनौतियों का सामना किया। इसके बावजूद उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी से कभी पीछे हटने का रास्ता नहीं चुना। मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ अधिकारियों को कई बार ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन नियमितीकरण की मूल मांग पर अब तक ठोस निर्णय का इंतजार बना हुआ है।
कोरोना काल में जान की परवाह नहीं की, आज खुद का भविष्य असुरक्षित
कोरोना महामारी के दौरान जब पूरा देश संक्रमण के भय से जूझ रहा था, तब एनएचएम संविदा कर्मचारी अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की चिंता किए बिना स्वास्थ्य सेवाओं में जुटे रहे। कोविड जांच, संक्रमित मरीजों की निगरानी, उपचार व्यवस्था, टीकाकरण, सर्विलेंस और महामारी नियंत्रण में इन कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
आज सवाल यह है कि संकट के समय जिन कर्मचारियों की सेवाएं शासन और व्यवस्था के लिए अनिवार्य थीं, उनके भविष्य की सुरक्षा के लिए ठोस नीति कब बनाई जाएगी?
बच्चों की नौकरी की उम्र आ गई, माता-पिता आज भी संविदा पर
नियमितीकरण की प्रतीक्षा का सबसे दर्दनाक पहलू इन कर्मचारियों का पारिवारिक जीवन है। कई कर्मचारी ऐसे हैं, जिनके बच्चे अब उच्च शिक्षा पूरी कर नौकरी के लिए आवेदन करने की उम्र में पहुंच गए हैं, लेकिन उनके माता-पिता आज भी वर्षों पुरानी संविदा व्यवस्था में काम करने को मजबूर हैं।
बच्चों की पढ़ाई, परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी, भविष्य की बचत और सेवानिवृत्ति के बाद की सुरक्षा जैसी चिंताएं लगातार बढ़ रही हैं। वर्षों तक सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने के बाद भी कर्मचारियों को स्थायी सेवा से मिलने वाली सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा नहीं मिल पाई है।
दूसरे विभागों में रास्ता निकला, स्वास्थ्य विभाग में क्यों नहीं?
प्रदेश के विभिन्न विभागों में संविदा कर्मचारियों के हित में समय-समय पर नीतिगत निर्णय लिए गए हैं। ऐसे में एनएचएम कर्मचारियों का सवाल है कि स्वास्थ्य विभाग में वर्षों से कार्यरत अनुभवी और पात्र संविदा कर्मचारियों के लिए भी नियमितीकरण अथवा स्थायी सेवा का कोई व्यावहारिक रास्ता क्यों नहीं निकाला जा रहा है? इन कर्मचारियों का मानना है कि उनकी वर्षों की सेवा, अनुभव और विभागीय आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए एक स्पष्ट नीति बनाई जानी चाहिए।
CG NEWS: संघर्ष से मिली सुविधाएं, लेकिन मूल मांग अब भी अधूरी
लगातार आंदोलनों और प्रयासों के परिणामस्वरूप संविदा कर्मचारियों को कुछ सुविधाएं अवश्य प्राप्त हुई हैं। इसके बावजूद नियमितीकरण, सम्मानजनक वेतन, सेवा सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा और सेवानिवृत्ति संबंधी सुविधाओं को लेकर अभी भी व्यापक सुधार की आवश्यकता है। कर्मचारियों का कहना है कि अस्थायी सुविधाओं से कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है, लेकिन स्थायी समाधान केवल स्पष्ट नीतिगत निर्णय से ही संभव है।
एकता ही संघर्ष की सबसे बड़ी ताकत
एनएचएम संविदा कर्मचारियों का संघर्ष केवल वेतन या नौकरी का विषय नहीं है, बल्कि यह हजारों परिवारों के सम्मान, अधिकार और सुरक्षित भविष्य से जुड़ा हुआ सवाल है। इस संघर्ष में प्रदेश के हजारों कर्मचारियों ने त्याग, समर्पण और साहस का परिचय दिया है। ऐसे में आपसी मतभेदों को पीछे छोड़कर लोकतांत्रिक और संगठित तरीके से अपनी मांगों को सरकार के समक्ष रखना समय की आवश्यकता है।
सरकार से अपेक्षा : अब आश्वासन नहीं, ठोस निर्णय चाहिए
प्रदेश के एनएचएम संविदा कर्मचारियों की प्रमुख अपेक्षाएं हैं कि वर्षों से कार्यरत पात्र कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिए स्पष्ट नीति बनाई जाए, प्रक्रिया की समय-सीमा निर्धारित हो, पूर्व सेवा अवधि और अनुभव को उचित महत्व मिले तथा नियमितीकरण होने तक सम्मानजनक वेतन, सामाजिक सुरक्षा और अन्य कर्मचारी हितों की सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
CG NEWS: आखिर कब तक संविदा के नाम पर दशकों तक सेवाएं ली जाती रहेंगी? क्या अपने जीवन के 20 से 22 वर्ष स्वास्थ्य सेवाओं को समर्पित करने वाले कर्मचारियों को स्थायी सेवा और सम्मानजनक भविष्य का अधिकार नहीं मिलना चाहिए? यह केवल नियमितीकरण की मांग नहीं, बल्कि उन हजारों परिवारों के सम्मान, अधिकार और सुरक्षित भविष्य का सवाल है, जिन्होंने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपना जीवन समर्पित कर दिया है।
संघर्ष अभी समाप्त नहीं हुआ है, उम्मीद आज भी जिंदा है।




