Ayushman Scheme

Ayushman Scheme: आयुष्मान योजना में गड़बड़ी के आरोपों पर 5 अस्पतालों पर कार्रवाई, क्लेम का ऑडिट कर पांच गुना जुर्माना वसूलने की तैयारी

Featured राज्य-छत्तीसगढ़

Ayushman Scheme: रायपुर। आयुष्मान भारत योजना के तहत कथित फर्जी मरीजों की भर्ती और संदिग्ध क्लेम के मामलों में छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने पांच अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की है। इन अस्पतालों को तीन-तीन साल के लिए योजना से निलंबित किया गया है। वहीं, अब अस्पतालों के पिछले एक साल के क्लेम की विस्तृत जांच और ऑडिट कराया जा रहा है। इसमें अनियमितता की पुष्टि होने पर संबंधित अस्पतालों से क्लेम राशि का पांच गुना जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की जा सकती है।

दरअसल, कुछ अस्पतालों पर आरोप हैं कि बसों और एंबुलेंस के जरिए ग्रामीणों को लाकर 100 से 200 रुपये देकर मरीज के रूप में भर्ती किया गया और इसके बाद आयुष्मान योजना के तहत इलाज के नाम पर करोड़ों रुपये के क्लेम किए गए। इन शिकायतों के आधार पर स्वास्थ्य विभाग अब अस्पतालों में भर्ती मरीजों और उनके इलाज से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रहा है।

पिछले एक साल के सभी क्लेम की होगी जांच

स्वास्थ्य विभाग का ऑडिट केवल बड़े क्लेम तक सीमित नहीं रहेगा। पिछले एक साल में अस्पतालों की ओर से किए गए छोटे-बड़े सभी क्लेम और उनके एवज में हुए भुगतान की जांच की जाएगी। इसके साथ यह भी देखा जाएगा कि जिन लोगों को मरीज बताकर भर्ती किया गया, क्या उन्हें वास्तव में अस्पताल में भर्ती करने और इलाज की जरूरत थी या केवल योजना से भुगतान प्राप्त करने के लिए कागजों में उपचार दर्शाया गया।

ग्रामीण इलाकों से मरीजों को बसों और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल लाने संबंधी शिकायतों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।

Ayushman Scheme: पांच अस्पताल जांच के दायरे में

स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई और जांच के दायरे में ये पांच अस्पताल शामिल हैं।

1. श्री अनंत साई अस्पताल, तेलीबांधा (रायपुर): ओडिशा से मरीज बुलाकर फर्जी पैकेज बनाने के आरोप।
2. श्रीनिवास अस्पताल, गुढ़ियारी (रायपुर): एजेंटों के माध्यम से मरीज बुलाने और सामान्य शिकायतों पर हृदय व गुर्दा रोग के पैकेज ब्लॉक करने के आरोप।
3. वरदान अस्पताल (रायपुर): वित्तीय अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन के मामले।
4. श्री रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज अस्पताल (रायपुर): आयुष्मान योजना के तहत गंभीर अनियमितताओं का मामला।
5. श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज अस्पताल (भिलाई, दुर्ग): योजना के तहत गंभीर अनियमितताओं के आरोप।

हर अस्पताल के लिए अलग विशेषज्ञ टीम

ऑडिट की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पांचों अस्पतालों के लिए अलग-अलग विशेषज्ञ टीमें गठित की हैं। प्रत्येक टीम में स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों, स्टेट नोडल एजेंसी के विशेषज्ञों और ऑडिट टीम के सदस्यों को शामिल किया गया है। ये टीमें अस्पतालों के दस्तावेजों, मरीजों की भर्ती और इलाज से संबंधित रिकॉर्ड की पड़ताल करेंगी।

पहले भी कई अस्पतालों पर हो चुकी है कार्रवाई

आयुष्मान योजना में अनियमितताओं को लेकर स्वास्थ्य विभाग पहले भी कार्रवाई कर चुका है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, मरीजों से अतिरिक्त राशि वसूलने के मामलों में 10 अस्पतालों को एक साल के लिए निलंबित किया गया है। वहीं, गंभीर अनियमितताओं और फर्जी दस्तावेजों से जुड़े मामलों में 6 अस्पतालों को तीन साल के लिए निलंबित किया गया है। निलंबित अस्पतालों में 8 रायपुर के बताए गए हैं।

मरीजों के पते और बीमारी का भी होगा सत्यापन

ऑडिट में मरीजों के स्थायी निवास, बीमारी और बार-बार अस्पताल में भर्ती होने के रिकॉर्ड का भी मिलान किया जाएगा। शिकायतें हैं कि कुछ अस्पतालों में भर्ती दिखाए गए मरीज एक ही गांव या आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं। ऐसे में जांच टीमें मरीजों के पते, भर्ती की तारीख और उपचार से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन करेंगी। इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि मरीजों का वास्तव में इलाज हुआ था या केवल क्लेम हासिल करने के लिए भर्ती और उपचार का रिकॉर्ड तैयार किया गया।

Ayushman Scheme: स्वास्थ्य सेवा संचालनालय के संचालक संजीव झा के मुताबिक, अस्पतालों पर फर्जी मरीजों को भर्ती करने के आरोप हैं। क्लेम की राशि अधिक होने के कारण विस्तृत ऑडिट कराया जा रहा है। आयुष्मान योजना के नियमों के तहत फर्जी क्लेम की पुष्टि होने पर संबंधित अस्पताल से पांच गुना जुर्माना वसूलने का प्रावधान है। ऑडिट की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।