Ambikapur News:

Ambikapur News: अंबिकापुर में जब मंत्री ने टीआई को लगाया फोन, बोले- मुझे बंधक बना लिया है, छुड़वाइए, देखें वीडियो

Featured राज्य-छत्तीसगढ़

Ambikapur News: सरगुजा। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में 50 लाख रुपये से अधिक के सामान की कथित हेराफेरी के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को अग्रसेन भवन में व्यापारियों ने मंत्री राजेश अग्रवाल के सामने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। लगातार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नाराज व्यापारियों की बात सुनकर मंत्री ने मौके से ही कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन लगा दिया।

फोन पर मंत्री ने तल्ख लहजे में कहा कि व्यापारियों ने उन्हें बांधकर बैठा दिया है। अगर अपराधियों को नहीं पकड़ पा रहे हैं तो उन्हें छुड़ाने के लिए पुलिस भेजिए। मंत्री ने थाना प्रभारी से दो-तीन दिन के भीतर कार्रवाई कर जानकारी देने को कहा। जवाब में टीआई ने कार्रवाई के लिए दो दिन का समय मांगा। इस बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Ambikapur News: टीआई को फोन कर मंत्री ने लगाई फटकार

व्यापारियों की नाराजगी के बीच मंत्री राजेश अग्रवाल ने थाना प्रभारी से फोन पर बात की। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि व्यापारी उन्हें बंधक बनाकर बैठ गए हैं और पुलिस को उन्हें छुड़ाने के लिए भेजना चाहिए। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस पर थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने दो दिन का समय मांगा।

व्यापारियों ने लगाए गंभीर आरोप

अग्रसेन भवन में हुई बैठक के दौरान व्यापारियों ने आरोप लगाया कि मामले की शिकायत दर्ज कराने के करीब एक महीने बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। कुछ व्यापारियों ने थाना प्रभारी को खर्चा-पानी देने का भी आरोप लगाया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। व्यापारियों का कहना है कि कार्रवाई में देरी से उन्हें लगातार आर्थिक और व्यावसायिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

फर्जी सील और रसीदों से 50 लाख से ज्यादा के सामान की हेराफेरी

पूरा मामला अंबिकापुर के खरसिया नाका स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी से जुड़ा है। कंपनी संचालक कान्हा अग्रवाल ने करीब एक महीने पहले कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि कंपनी में छह साल से काम कर रही बिलिंग ऑपरेटर अंजुम निशा और पूर्व कर्मचारी रविंद्र यादव उर्फ विक्की ने फर्जी सील और नकदी रसीदों के जरिए पिछले चार महीनों में बड़ी मात्रा में सामान बाहर निकाला।

आरोपों के मुताबिक, पिकअप सहित अन्य मालवाहक वाहनों से सामान गंगापुर स्थित एक गोदाम तक पहुंचाया जाता था। वहां से इसे अलग-अलग दुकानों में सप्लाई किया जा रहा था।

21 अक्टूबर को सामने आया था मामला

कंपनी के कर्मचारी सचिन टोप्पो ने 21 अक्टूबर को संचालक कान्हा अग्रवाल को फर्जी नकदी रसीदों के जरिए सामान निकाले जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद रसीदों और हिसाब-किताब की जांच की गई, जिसमें 50 लाख रुपये से अधिक के सामान की कथित हेराफेरी सामने आई।

Ambikapur News: शिकायत के आधार पर पुलिस ने अंजुम निशा, रविंद्र यादव और रूपेश यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया था। हालांकि, एफआईआर दर्ज होने के करीब एक महीने बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारियों में नाराजगी है। अब मंत्री के हस्तक्षेप और थाना प्रभारी को दिए गए दो दिन के समय के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।