Raipur Crime : रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आम तोड़ने को लेकर हुए विवाद में पांच युवकों ने फार्म हाउस के चौकीदार पर चाकू, डंडे और पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल चौकीदार को उपचार के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Raipur Crime : मिली जानकारी के अनुसार, पन्ना (मध्यप्रदेश) निवासी नारायण विश्वकर्मा भाठागांव स्थित पगरिया फार्म हाउस में चौकीदारी का काम करता है। 15 अप्रैल की दोपहर करीब 2 बजे उसने देखा कि कुछ युवक फार्म हाउस से आम तोड़कर ले जा रहे हैं। जब उसने इसका विरोध किया और आम वापस लेने की कोशिश की, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
Raipur Crime : विवाद बढ़ने पर आरोपियों—धैर्य विश्वकर्मा, रघु विश्वकर्मा, बिट्टू यादव, यश विश्वकर्मा और यशपाल—ने मिलकर नारायण विश्वकर्मा पर हमला कर दिया। आरोप है कि एक आरोपी ने चाकू से वार करने की कोशिश की, जबकि अन्य ने डंडे और पत्थरों से मारपीट की। हमले में चौकीदार के सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा।
Raipur Crime : घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल को आसपास के लोगों की मदद से एम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मामले की सूचना मिलने पर पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने देहाती नालसी दर्ज कर जांच शुरू की और बाद में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 191(2), 191(3) और 296 के तहत अपराध कायम किया गया।



