Surguja News: सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट में शादी के महज पांच महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान वर्षा के रूप में हुई है। उसके पिता उमेश यादव के मुताबिक, शादी के करीब दो महीने बाद से ही वर्षा को ससुराल में परेशान किए जाने की जानकारी मिल रही थी। परिजनों ने उसके साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया है।
इलाज के दौरान हुई मौत
मृतका के पिता के अनुसार, 18 सितंबर को परिवार को वर्षा की तबीयत खराब होने की सूचना मिली। इसके बाद ससुराल पक्ष की ओर से उसे इलाज के लिए मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान वर्षा की मौत हो गई।
मौत की जानकारी मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का दावा है कि वर्षा ने खुद जहर नहीं खाया था, बल्कि उसे कथित तौर पर जबरन जहर पिलाया गया। परिजनों ने उसके शरीर पर चोट के निशान होने का भी आरोप लगाया है।
मौत की वजह जांच और पोस्टमार्टम के बाद होगी स्पष्ट
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। नायब तहसीलदार लोकेश्वर सिदार ने मृतका के मायके पक्ष के लोगों के बयान दर्ज किए हैं।
Surguja News: अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल नवविवाहिता की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। मायके पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



