Chhattisgarh News

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में सीमेंट कंपनियों का बड़ा खेल! तीन महीने में 80 रुपये बढ़े दाम, आखिर किसकी शह पर मुनाफाखोरी?

Featured राज्य-छत्तीसगढ़

Chhattisgarh News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में सीमेंट कंपनियों की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों के साथ-साथ बिल्डरों और ठेकेदारों की चिंता बढ़ा दी है। प्रदेश में पिछले तीन महीनों के दौरान सीमेंट की एक बोरी की कीमत में करीब 80 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। आरोप है कि कंपनियां आपसी तालमेल से कार्टेल बनाकर धीरे-धीरे कीमतें बढ़ा रही हैं, जिसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रहा है।

छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख सीमेंट उत्पादक राज्यों में शामिल है। यहां देश की कुल सीमेंट जरूरत का लगभग 20 प्रतिशत उत्पादन होता है। इसके बावजूद प्रदेश के लोगों को पड़ोसी राज्यों की तुलना में महंगी सीमेंट खरीदनी पड़ रही है। दिवाली के बाद मकान निर्माण का काम रफ्तार पकड़ रहा है, ऐसे में कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने निर्माण का बजट बिगाड़ दिया है।

तीन महीने में 80 रुपये तक महंगी हुई सीमेंट

जानकारों के मुताबिक, पिछले तीन से चार महीनों में खुदरा बाजार में सीमेंट की प्रति बोरी कीमत करीब 80 रुपये तक बढ़ाई गई है। कंपनियों ने एक साथ दाम बढ़ाने के बजाय अलग-अलग चरणों में कीमतों में इजाफा किया। वहीं, सरकारी निर्माण कार्यों और बड़े बिल्डरों को सप्लाई होने वाली नॉन-ट्रेड सीमेंट की कीमत में भी एक महीने से कम समय में करीब 60 रुपये प्रति बोरी की वृद्धि बताई जा रही है।

पड़ोसी राज्यों से भी महंगी मिल रही सीमेंट

प्रदेश में ओपीसी (OPC) सीमेंट की कीमत पीपीसी (PPC) सीमेंट के मुकाबले करीब 80 रुपये प्रति बोरी अधिक बताई जा रही है। वहीं, पड़ोसी मध्यप्रदेश की तुलना में छत्तीसगढ़ में सीमेंट करीब 25 रुपये और महाराष्ट्र की तुलना में लगभग 40 रुपये महंगी बिक रही है। इससे प्रदेश में निर्माण कराने वाले लोगों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है।

30 हजार करोड़ तक के निर्माण कार्य प्रभावित होने की आशंका

सीमेंट की कीमतों में बढ़ोतरी का असर सरकारी निर्माण परियोजनाओं पर भी पड़ सकता है। ठेकेदारों का कहना है कि सरकारी निर्माण कार्यों में ओपीसी सीमेंट का इस्तेमाल अनिवार्य होने के कारण परियोजनाओं की लागत बढ़ रही है। उनके मुताबिक, सड़क, पुल और सरकारी भवनों से जुड़े करीब 10 हजार से 30 हजार करोड़ रुपये तक के निर्माण कार्य इसकी चपेट में आ सकते हैं।

कंपनियों पर कार्टेल बनाकर दाम बढ़ाने का आरोप

बिल्डरों और ठेकेदारों ने सीमेंट कंपनियों पर आपसी सांठगांठ कर कीमतें बढ़ाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि निर्माण सीजन में लगातार दाम बढ़ाकर कंपनियां मुनाफाखोरी कर रही हैं। इसका खामियाजा मकान बनाने वाले आम लोगों से लेकर बड़े निर्माण कारोबारियों तक को भुगतना पड़ रहा है।

Chhattisgarh News: सरकार की निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल

Chhattisgarh News: सीमेंट की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के बीच अब सरकारी निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। सीमेंट मकान निर्माण की सबसे जरूरी सामग्री में शामिल है। ऐसे में प्रति बोरी कीमत में मामूली बढ़ोतरी भी पूरे निर्माण बजट को प्रभावित करती है। अब सवाल यह है कि क्या सरकार इस मामले में हस्तक्षेप करेगी और सीमेंट कंपनियों की कीमतों पर कोई निगरानी व्यवस्था लागू होगी?