CG Crime:

CG Crime: अनियंत्रित होकर खेत में घुसी बाइक, युवक की मौत, आइसक्रीम बेचने आए राजस्थान के युवक पर चाकू से हमला

Featured जुर्म राज्य-छत्तीसगढ़

CG Crime: गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अमलीपदर-ध्रुवागुड़ी मार्ग पर हाथी बंद के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। घटना अमलीपदर थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, युवक बाइक से जा रहा था। इसी दौरान अचानक उसका बाइक से नियंत्रण हट गया और बाइक सीधे खेत में जा घुसी। हादसे में युवक को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

CG Crime: रास्ते से गुजर रहे लोगों ने युवक को खेत में पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची अमलीपदर पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस बाइक के नंबर के आधार पर मृतक की पहचान करने में जुटी है। साथ ही हादसा किन कारणों से हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

CG Crime: मड़ई मेले में चाकूबाजी: आइसक्रीम बेचने आए राजस्थान के युवक पर हमला, हालत गंभीर

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मड़ई मेले के दौरान चाकूबाजी की घटना सामने आई है। यहां आइसक्रीम बेचने आए राजस्थान के एक युवक पर अज्ञात लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान राम प्रकाश बिल के रूप में हुई है। वह राजस्थान के भीलवाड़ा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। युवक व्यापार के सिलसिले में धमतरी जिले के भखारा क्षेत्र में आयोजित मड़ई मेले में आइसक्रीम बेचने आया था।

CG Crime: पीठ पर चाकू से किया हमला

बताया जा रहा है कि पुरैना गांव के पास कुछ अज्ञात लोगों ने युवक की पीठ पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल हमला करने वालों की पहचान नहीं हो पाई है। हमले के पीछे की वजह भी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।