Mahasamund Accident:

Mahasamund Accident: भीषण सड़क हादसा: खड़ी ट्रक में घुसी एंबुलेंस, दो महिलाओं की मौत, तीन गंभीर घायल

Featured राज्य-छत्तीसगढ़

Mahasamund Accident: महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मरीज को इलाज के बाद ओडिशा लेकर जा रही एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं और एक पुरुष समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बागबाहरा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस क्रमांक CG 04 NH 7746 मरीज और उसके परिजनों को लेकर ओडिशा जा रही थी। इसी दौरान देवाशीष स्कूल के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और एंबुलेंस सड़क पर खड़ी ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर के बाद एंबुलेंस में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस में फंसे घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए घायलों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

Mahasamund Accident: प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस में सवार सभी लोग ओडिशा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने दोनों महिलाओं के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि एंबुलेंस चालक का नियंत्रण किन परिस्थितियों में बिगड़ा और सड़क पर खड़ी ट्रक हादसे की वजह कैसे बनी।