Cyclone Alert: नई दिल्ली। देश में एक और चक्रवाती तूफान का खतरा मंडराने लगा है। दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिसके अगले कुछ दिनों में चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 14 नवंबर को यह कम दबाव का क्षेत्र और 15 नवंबर को डिप्रेशन का रूप ले सकता है। इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा और 16 नवंबर की शाम तक मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है।
पिछले कुछ दिनों में यह तीसरा चक्रवाती तूफान बनने की आशंका है। इसके प्रभाव से देश के कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
दक्षिण भारत के राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, संभावित चक्रवाती तूफान का असर दक्षिण भारत के कई राज्यों में देखने को मिलेगा। 13 से 15 नवंबर और फिर 16 से 19 नवंबर के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बारिश होने की संभावना है। वहीं, 13 से 15 नवंबर तक केरल और माहे में तथा 13 से 19 नवंबर तक लक्षद्वीप में बारिश हो सकती है।
इसके अलावा 14 से 19 नवंबर के बीच तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में बारिश का अनुमान है। 15 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 16 से 19 नवंबर के दौरान केरल और माहे में कुछ स्थानों पर काफी भारी बारिश होने की आशंका है। 18 और 19 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी बारिश का अलर्ट
पूर्वी भारत के अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 13 से 19 नवंबर के दौरान व्यापक बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। 13 से 16 नवंबर के बीच यहां तेज बारिश हो सकती है।
इसके अलावा 18 और 19 नवंबर को ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में भी 18 और 19 नवंबर को बारिश होने की संभावना है। 19 नवंबर को पश्चिम बंगाल में तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
उत्तर भारत में भी बदलेगा मौसम
चक्रवाती सिस्टम के साथ उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। 13 नवंबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में व्यापक बारिश की संभावना है। 14 और 15 नवंबर को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में छिटपुट बारिश हो सकती है।
Cyclone Alert: वहीं, 13 से 15 नवंबर के दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश का अनुमान है। 13 और 14 नवंबर को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में भी बारिश हो सकती है। 14 और 15 नवंबर को पश्चिमी राजस्थान तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश, जबकि 15 नवंबर को पूर्वी राजस्थान में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और स्थानीय मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान देने की सलाह दी है।



