Mahadev Betting App

Mahadev Betting App: महादेव सट्टा ऐप पर CBI का बड़ा एक्शन: 6 राज्यों के 33 ठिकानों पर छापेमारी, लाइव सट्टा पैनल का खुलासा; किराए के खातों से विदेश भेजते थे रकम

Featured latest राज्य-छत्तीसगढ़

Mahadev Betting App: रायपुर: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देश के 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में सट्टा पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क का खुलासा हुआ है। जांच के दौरान कई स्थानों पर लाइव सट्टा और जुए के पैनल संचालित होते मिले, जिन्हें CBI ने मौके पर ही बंद करा दिया। छापेमारी में मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

CBI की जांच में सामने आया कि सट्टेबाजी से मिलने वाली रकम जमा करने के लिए दूसरे लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाए जाते थे। इन खातों को किराए पर लेकर या अन्य लोगों की पहचान का इस्तेमाल कर पैसों का लेनदेन किया जाता था। इसके बाद हवाला नेटवर्क के जरिए रकम विदेश भेजी जाती थी।

सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद कार्रवाई

CBI के मुताबिक, यह कार्रवाई महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारियों के आधार पर की गई। सौरभ को 1 नवंबर 2026 को ओमान से भारत लाया गया था। इसके बाद CBI ने उसे गिरफ्तार कर रायपुर की विशेष अदालत से 8 दिन की पुलिस रिमांड हासिल की थी।

पूछताछ के दौरान जांच एजेंसी को ऐप के संचालन, पैनल ऑपरेटरों और देशभर में फैले सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारियां मिलीं। इन्हीं इनपुट के आधार पर अलग-अलग राज्यों में छापेमारी की गई।

इन शहरों में हुई छापेमारी

CBI ने छत्तीसगढ़ के रायपुर और दुर्ग के अलावा पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के कई शहरों में कार्रवाई की। इनमें अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर शामिल हैं।

किराए के बैंक खातों से होता था करोड़ों का लेनदेन

जांच में पता चला कि महादेव ऐप का संचालन विदेश में बैठे लोगों के जरिए किया जा रहा था, जबकि भारत में बड़े नेटवर्क के माध्यम से सट्टा पैनल चलाए जाते थे। पैनल ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी बनाकर उनसे सट्टे की रकम वसूलते थे।

इस रकम को दूसरे लोगों के बैंक खातों में जमा कराया जाता था। कई मामलों में खाताधारकों को कमीशन देकर उनके खाते इस्तेमाल किए जाते थे। इसके बाद सट्टेबाजी से जुटाई गई रकम हवाला के जरिए विदेश भेजी जाती थी।

19 नवंबर तक जेल में था सौरभ, अब ED की हिरासत में

CBI की 8 दिन की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद सौरभ चंद्राकर को 12 नवंबर 2026 को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया था।

इसके बाद शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उसे गिरफ्तार कर 7 दिनों की कस्टोडियल रिमांड पर लिया है। अब दोनों जांच एजेंसियां मामले से जुड़े अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही हैं।

CBI के अनुसार, छत्तीसगढ़ सरकार ने महादेव ऑनलाइन बुक मामले की जांच एजेंसी को सौंपी थी, जिसके बाद दो FIR दर्ज की गईं। फिलहाल विदेश में बैठे अन्य आरोपियों, सट्टा नेटवर्क को मदद पहुंचाने वालों और संबंधित सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की जांच की जा रही है। फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए दूसरे देशों के साथ कानूनी प्रक्रिया भी जारी है।

बैंक खाता या सिम देने वालों पर भी कार्रवाई की चेतावनी

Mahadev Betting App: CBI ने लोगों को चेतावनी दी है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ गैरकानूनी गतिविधियां हैं। किसी अन्य व्यक्ति को सट्टेबाजी के लिए अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराना भी कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। एजेंसी ने लोगों से ऐसे किसी भी लेनदेन या गतिविधि से दूर रहने की अपील की है।