Raipur Crime: रायपुर। न्यूज पोर्टल संचालक और होटल कारोबारी अंबेडकर उर्फ दीपक टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। बिलासपुर जेल में बंद दीपक टंडन को शुक्रवार को पुलिस रायपुर लाने की तैयारी में है। उसके खिलाफ एक सप्ताह के भीतर पांच अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी, धमकी, अवैध कब्जे और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो प्रसारित करने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। वहीं, दो मामलों में उसकी पत्नी बरखा टंडन भी आरोपी है। धोखाधड़ी और धमकी से जुड़े एक मामले में बरखा को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस रायपुर लाकर दीपक टंडन से यहां दर्ज तीन मामलों में पूछताछ करेगी। इसके साथ ही उसके मोबाइल फोन से मिले चैट, फोटो और वीडियो की भी जांच की जाएगी। पुलिस पति-पत्नी से जुड़े मामलों में डिजिटल साक्ष्यों और वित्तीय लेन-देन की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच के दौरान अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर नए मामले भी दर्ज हो सकते हैं।
Raipur Crime: एक सप्ताह में दर्ज हुईं पांच FIR
जानकारी के मुताबिक, दीपक टंडन के खिलाफ एक सप्ताह के भीतर पांच आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं। रायपुर में होटल कारोबारी सरिता बाजपेयी के होटल पर कथित अवैध कब्जा करने, धमकी देने और दुर्व्यवहार करने का आरोप है।
इसके अलावा दूसरे व्यक्ति की जमीन का सौदा कर 36 लाख रुपये लेने और एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देने के मामले में भी दीपक और उसकी पत्नी बरखा के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। वहीं, एसयूवी बेचने का सौदा कर 20 लाख रुपये लेने के बाद धोखाधड़ी करने के आरोप में भी दीपक टंडन के खिलाफ मामला दर्ज है।
Raipur Crime: अधिकारियों से नजदीकी बताकर पैसे वसूलने का आरोप
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दीपक टंडन पर पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में पुलिस और प्रशासन के कुछ अधिकारियों से नजदीकी होने का हवाला देकर कारोबारियों से रकम वसूलने के आरोप भी लगे हैं। शिकायतों में टेंडर दिलाने, अधिकारियों के तबादले और मनचाही जगह पदस्थापना कराने के नाम पर पैसे लेने की बात सामने आई है।
आरोप है कि कई मामलों में वादा पूरा नहीं होने के बावजूद संबंधित लोगों की रकम वापस नहीं की गई। यह भी बताया जा रहा है कि होटल में आयोजित पार्टियों और बैठकों के वीडियो बनाए जाते थे। हालांकि, अधिकारियों की ओर से इस संबंध में अब तक कोई औपचारिक शिकायत सामने नहीं आई है। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Raipur Crime: AI से आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने का आरोप
दीपक टंडन के खिलाफ कार्रवाई की शुरुआत बिलासपुर से हुई थी। आरोप है कि उसने अपने न्यूज पोर्टल के माध्यम से एक मीडियाकर्मी के खिलाफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार आपत्तिजनक फोटो और वीडियो प्रसारित किए थे। इन सामग्रियों के जरिए जादू-टोने से जुड़े आरोप भी लगाए गए थे।
Raipur Crime: मीडियाकर्मी की शिकायत के बाद बिलासपुर पुलिस ने रायपुर में दबिश देकर दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। फिलहाल वह बिलासपुर जेल में बंद है। अब रायपुर पुलिस उसके मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से मिले डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि इन साक्ष्यों से ब्लैकमेलिंग और कथित वसूली से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।



