CG Accident : कटघोरा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा में नेशनल हाईवे-130 पर रविवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बरपाली स्थित अनूप ढाबा के पास सड़क किनारे खड़ी यात्री बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस सवार दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, रॉयल ट्रेवल्स की बस करीब 35 यात्रियों को लेकर कुनकुरी से रायपुर जा रही थी। रविवार तड़के लगभग 3 बजे यात्रियों के बाथरूम जाने के लिए चालक ने बरपाली स्थित अनूप ढाबा के पास हाईवे किनारे बस रोक दी थी। इसी दौरान पीछे से गेहूं से भरा तेज रफ्तार ट्रेलर आया और खड़ी बस को पीछे से टक्कर मार दी।
CG Accident : टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहां बैठे दो यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




