CG News: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश होने के बाद राज्य सरकार सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। दिवाकर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के डॉक्टर समेत तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल का लाइसेंस रद्द करने का फैसला लिया है। इतना ही नहीं, इस पूरे मामले में संलिप्त डॉक्टरों की डिग्री भी फ्रीज की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने साफ कहा है कि इस अपराध में शामिल लोगों को ऐसी सजा मिलेगी, जिसे उनकी आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी।
अस्पताल का लाइसेंस रद्द करने की तैयारी
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मीडिया से चर्चा में कहा कि नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त का मामला बेहद गंभीर है। सरकार इस मामले में किसी को भी बख्शने के मूड में नहीं है। अस्पताल का लाइसेंस रद्द करने के साथ ही प्रकरण में संलिप्त डॉक्टरों की डिग्री फ्रीज करने की कार्रवाई की जाएगी।
SIT जांच की मांग पर क्या बोले मंत्री?
कांग्रेस की ओर से पूरे मामले की एसआईटी जांच कराने की मांग पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार एसआईटी जांच कराएगी। इसके अलावा अन्य स्तरों पर भी जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि संबंधित अस्पताल का शुभारंभ कांग्रेस शासनकाल में हुआ था और उस दौरान कांग्रेस के मंत्री-विधायक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। हालांकि, इसका यह मतलब नहीं है कि कांग्रेस की इस मामले में कोई संलिप्तता है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि वे किसी पर आरोप नहीं लगा रहे हैं और कांग्रेस को इस गंभीर मामले में राजनीति नहीं करनी चाहिए।
निकाय चुनाव में सभी सीटें जीतने का दावा
राजस्थान के निकाय चुनाव में भाजपा को मिली हार के सवाल पर मंत्री ने कहा कि राजस्थान और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक परिस्थितियां अलग हैं। नगरीय निकाय चुनाव स्थानीय मुद्दों पर लड़े जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में पिछले निकाय और पंचायत चुनावों में कांग्रेस को करारी हार मिली थी। दिसंबर में होने वाले नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा सभी निकायों में जीत हासिल करेगी।
बूथ स्तर तक सक्रिय होंगे भाजपा के मोर्चा-प्रकोष्ठ
भाजपा में मोर्चा और प्रकोष्ठों को बूथ स्तर पर काम करने का लक्ष्य दिए जाने पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पार्टी में राष्ट्रीय स्तर पर मोर्चों का गठन किया गया है। सभी मोर्चे नियमित दौरे और संगठन विस्तार के तहत काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी मोर्चे बूथ स्तर तक अपनी गतिविधियां संचालित करेंगे।
CG News: पटवारियों की हड़ताल पर कांग्रेस को घेरा
CG News: पटवारियों की हड़ताल खत्म होने को लेकर कांग्रेस के सवालों पर भी मंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। कांग्रेस चाहती है कि आम जनता परेशान होती रहे। उन्होंने हड़ताल खत्म कराने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद करने की बात कही और आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल किसान हितैषी होने का दावा करती है।




