CG CRIME: जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में प्रेम प्रसंग को लेकर दो परिवारों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। जगदलपुर के पनारा पारा इलाके में एक लड़की को लेकर हुए विवाद के दौरान युवक की धारदार चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है।
प्रेम प्रसंग को लेकर भिड़े दो परिवार
पुलिस के मुताबिक, पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के पनारा पारा का है। यहां एक ही मोहल्ले में रहने वाले दो परिवारों के बीच बच्चों के प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इसी दौरान मन्नू कश्यप पर धारदार चाकू से कई वार किए गए। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग निरुद्ध
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन में सीएसपी अंशिका जैन की निगरानी तथा थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
CG CRIME: पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सरिता बघेल, झितरू बघेल और शोभा बघेल को गिरफ्तार किया है। वहीं, वारदात में शामिल दो नाबालिगों को भी निरुद्ध किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
CG CRIME: तीन आरोपी जेल भेजे गए, नाबालिग किशोर न्याय बोर्ड में पेश
CG CRIME: थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। वहीं, दोनों नाबालिगों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।




