Raipur Crime: रायपुर। राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित एक क्लब से शुरू हुआ विवाद देर रात मरीन ड्राइव तक पहुंच गया। यहां 20 वर्षीय मेकअप आर्टिस्ट के साथ सरेराह मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता एन ऐश्वर्या का आरोप है कि नवया ओझा ने 15 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद करते हुए उसके बाल खींचे और हाथ-मुक्कों से पिटाई की। इस दौरान उसके गले से सोने की चेन भी गिर गई। शिकायत के आधार पर तेलीबांधा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात 3 बजे फोन कर मरीन ड्राइव बुलाया
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता एन ऐश्वर्या अवंति विहार स्थित अनमोल फ्लैट में रहती है और मेकअप आर्टिस्ट का काम करती है। शिकायत में उसने बताया कि वीआईपी रोड स्थित एक क्लब में हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव चल रहा था। इसी विवाद को लेकर 19 नवंबर की रात करीब 3:13 बजे नवया ओझा ने ऐश्वर्या के मौसेरे भाई सौरभ दास गुप्ता को फोन कर मरीन ड्राइव के पास बुलाया।
इसके बाद ऐश्वर्या अपने मुंहबोले भाई सैफ नवाज और दोस्तों अजय शर्मा व मौसमी बैरागी के साथ मौके पर पहुंची। वहां पहुंचते ही विवाद ने फिर तूल पकड़ लिया।
15 लाख रुपये लेने का लगाया आरोप
पीड़िता के अनुसार, नवया ओझा ने उस पर अपने भाई सोहेल शेख से 15 लाख रुपये लेने और उसकी जिंदगी बर्बाद करने का आरोप लगाया। इस दौरान नवया ने खुद को वकील बताते हुए कथित तौर पर धमकी भी दी कि वह जो चाहे कर सकती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
बाल पकड़कर की मारपीट, सोने की चेन गायब
ऐश्वर्या का आरोप है कि बहस के दौरान नवया ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसके बाल पकड़कर हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस झूमाझटकी में उसकी कमर में चोट आई और गले में पहनी सोने की चेन भी कहीं गिर गई।
Raipur Crime: सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
Raipur Crime: पीड़िता की शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने नवया ओझा के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और मानहानि से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब मरीन ड्राइव के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।




