Gariaband News:

Gariaband News: जंगल से अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर हमला: TI समेत 4 घायल, महिला वनकर्मियों से मारपीट; 3 आरोपी गिरफ्तार

Featured जुर्म राज्य-छत्तीसगढ़

Gariaband News: गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सरकारी वनभूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के करका जंगल में कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों ने टीम का विरोध करते हुए हमला कर दिया। इस घटना में खल्लारी थाना प्रभारी (TI) समेत चार लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो महिला वनरक्षक भी शामिल हैं। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।

घटना आरसीकन्हार रेंज की है। जानकारी के मुताबिक, महादनी नदी के उद्गम स्थल के पास स्थित करका गांव के जंगल में वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए बुधवार को बड़ा अभियान चलाया गया। इसमें वन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन के 400 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला हिंसक झड़प में बदल गया।

TI और महिला वनकर्मियों पर किया हमला

बताया जा रहा है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान प्रदर्शनकारियों ने आगजनी की कोशिश की और पुलिस व वन विभाग की टीम को निशाना बनाया। हमले में खल्लारी थाना प्रभारी टुमनलाल डडसेना, महिला वनरक्षक परमेश्वरी और ललिता के अलावा सुरक्षा श्रमिक यज्ञ मालती घायल हो गईं। वन विभाग के अमले ने घटना की शिकायत खल्लारी थाना क्षेत्र में दर्ज कराई है।

तीन आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश करने की तैयारी

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में श्याम लाल (55), देवलाल नेताम (40) और योगेश कुमार (28) को हिरासत में लिया गया है। उनके खिलाफ वन अपराध अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

एक दशक में सवा लाख पेड़ों को नुकसान, 102.45 हेक्टेयर वनभूमि पर कब्जा

वन विभाग के मुताबिक, करका जंगल क्षेत्र में पिछले करीब एक दशक के दौरान लगभग 1.25 लाख पेड़ों की कटाई या उन्हें नुकसान पहुंचाया गया है। इसके अलावा 102.45 हेक्टेयर आरक्षित वनभूमि पर अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। इस खुलासे के बाद जंगलों की सुरक्षा और वनभूमि पर अवैध कब्जे को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

2016 में 22 हेक्टेयर था अतिक्रमण, 2026 में बढ़कर 102.45 हेक्टेयर हुआ

Gariaband News: वन विभाग के सर्वेक्षण के अनुसार, वर्ष 2016 में करका क्षेत्र की करीब 22 हेक्टेयर वनभूमि पर अतिक्रमण था। पिछले दस वर्षों में यह बढ़कर 102.45 हेक्टेयर तक पहुंच गया। यानी इस दौरान अतिक्रमण का दायरा चार गुना से भी अधिक हो गया। विभाग ने पुराने सैटेलाइट चित्रों, इसरो की इमेजरी और GPS आधारित ड्रोन सर्वेक्षण के जरिए अतिक्रमण की स्थिति का आकलन किया है।

Gariaband News: जांच में पेड़ों को नुकसान पहुंचाने के लिए गर्डलिंग की प्रक्रिया भी सामने आई है। इसमें पेड़ के तने की छाल को चारों तरफ से हटा दिया जाता है, जिससे धीरे-धीरे पेड़ सूखकर नष्ट हो जाता है। वन विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को बड़े अभियान के तहत करका क्षेत्र की अतिक्रमित वनभूमि को कब्जे से मुक्त कराने की कार्रवाई की। इस दौरान 400 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहे।