Cyclone Akvan Chhattisgarh

Cyclone Akvan Chhattisgarh: तूफान ‘अकवान’ का छत्तीसगढ़ में दिखा असर, रायपुर में बारिश, जानिए अन्य जिलों का हाल

Featured राज्य-छत्तीसगढ़

Cyclone Akvan Chhattisgarh: रायपुर। चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के असर से छत्तीसगढ़ के मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं, वहीं कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हो रही है। राजधानी रायपुर में गुरुवार रात करीब 11 बजे के बाद मौसम ने करवट ली। ठंडी हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। तापमान में गिरावट के चलते ठंड का असर बढ़ गया है। शहर के कुछ इलाकों में लोग अलाव जलाकर ठंड से बचते नजर आए।

वहीं, पेंड्रा में सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। यहां रुक-रुककर हल्की बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह रायपुर समेत प्रदेश के 11 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में हल्की बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

इन 11 जिलों में यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग के मुताबिक, रायपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद में मौसम का असर देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान

बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ शुक्रवार दोपहर उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट से टकरा सकता है। इसके गोपालपुर के आसपास तट पार करने की संभावना जताई गई है।

इस दौरान 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, हवा के झोंकों की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। तूफान का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ रहा है। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

प्रदेश में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

अंबिकापुर में सबसे कम तापमान, रायपुर में भी गिरा पारा

Cyclone Akvan Chhattisgarh: मौसम विभाग के 19 नवंबर के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री कम रहा। रायपुर में दिन और रात के तापमान के बीच 12.5 डिग्री का अंतर दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 7.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 30 डिग्री सेल्सियस रहा।