TI Vineet Dubey suspended: रायपुर। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपए की कथित रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। नारायणपुर में पदस्थ थाना प्रभारी (TI) विनीत दुबे को बस्तर रेंज के आईजी बद्री नारायण मीणा ने निलंबित कर दिया है। उन पर फरार आरोपी शोएब ढेबर को पुलिस की दबिश से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक करने का आरोप है।
यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की रिपोर्ट के आधार पर की गई है। पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश में कहा गया है कि विनीत दुबे का आचरण उनके पद के अनुरूप नहीं पाया गया और विभागीय नियमों के विपरीत माना गया।
मामला रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 से जुड़ा है। आरोप है कि शोएब ढेबर ने कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए खम्हारडीह सहित कई संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी कर रही थी।
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही शोएब ढेबर वहां से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस की गोपनीय कार्रवाई की जानकारी लीक होने की आशंका सामने आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच शुरू की गई थी।
बस्तर आईजी कार्यालय के आदेश के मुताबिक, रायपुर पुलिस कमिश्नर ने 30 अक्टूबर 2026 को पत्र भेजकर विनीत दुबे के संबंध में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया था। इसी रिपोर्ट के आधार पर उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।
निलंबन अवधि के दौरान विनीत दुबे का मुख्यालय रक्षित केंद्र, नारायणपुर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
TI Vineet Dubey suspended: गौरतलब है कि गोपनीय सूचना लीक होने के संदेह में पुलिस विभाग इससे पहले एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) में पदस्थ आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी निलंबित कर चुका है।




