Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 100 रुपये की एंट्री फीस देकर लड़के-लड़कियों को एक-दूसरे से मिलने और बातचीत करने का मौका देने वाले स्पीड डेटिंग कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। AIIMS रायपुर परिसर में प्रस्तावित इस आयोजन के प्रचार-प्रसार के बाद छत्तीसगढ़ बजरंग दल ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। संगठन ने कार्यक्रम को अश्लील बताते हुए इसे रायपुर की संस्कृति के खिलाफ करार दिया है और आयोजन रद्द करने की मांग की है।
दरअसल, ORIANA AIIMS RAIPUR के सोशल मीडिया पेज पर इस कार्यक्रम का प्रचार किया जा रहा है। आयोजकों की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, 18 से 21 नवंबर तक सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक न्यू एडमिनिस्ट्रेशन बिल्डिंग में स्पीड डेटिंग कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। इसमें 18 से 30 साल तक के युवा हिस्सा ले सकते हैं। खास बात यह है कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए डेलिगेट कार्ड की अनिवार्यता नहीं रखी गई है और मौके पर ही रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी गई है।
क्या है स्पीड डेटिंग का पूरा फॉर्मेट?
आयोजकों के अनुसार, एक राउंड में 10 लड़के और 10 लड़कियां आमने-सामने बैठेंगे। प्रत्येक जोड़ी को बातचीत के लिए दो मिनट का समय दिया जाएगा। समय पूरा होने के बाद लड़के अपनी दाईं ओर अगली लड़की के पास चले जाएंगे। इस तरह एक राउंड में सभी 10 लड़के और 10 लड़कियों को एक-दूसरे से बातचीत करने का मौका मिलेगा।
एक राउंड में करीब 20 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। बातचीत पूरी होने के बाद प्रतिभागियों को एक पर्ची दी जाएगी, जिसमें उन्हें अपने पसंदीदा व्यक्ति का नाम लिखना होगा। लड़के और लड़कियों की पर्चियां अलग-अलग एकत्र की जाएंगी। आयोजकों के मुताबिक, सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले लड़के और लड़की को मोस्ट लाइक्ड बॉय और मोस्ट लाइक्ड गर्ल घोषित किया जाएगा। कार्यक्रम में एक व्यक्ति कई राउंड में हिस्सा ले सकता है, लेकिन प्रत्येक राउंड के लिए 100 रुपये अलग से एंट्री फीस देनी होगी।
बजरंग दल ने बताया अश्लील कार्यक्रम
Raipur News: कार्यक्रम का प्रचार सामने आने के बाद बजरंग दल ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। संगठन का आरोप है कि इस तरह के आयोजन रायपुर की सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रभावित कर सकते हैं। बजरंग दल ने कहा कि रायपुर को मुंबई और दिल्ली जैसी संस्कृति की ओर ले जाने की कोशिश की जा रही है। संगठन ने आयोजकों से कार्यक्रम को तत्काल रद्द करने की मांग की है।




