Shamli News:शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। बाबरी थाना क्षेत्र के कैड़ी गांव में एक मकान में अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और घर में रखे दो गैस सिलिंडर तेज धमाकों के साथ फट गए। इस हादसे में एक महिला और उसकी दो बेटियों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि परिवार के दो अन्य बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, गांव कैड़ी निवासी साजिद के मकान में बुधवार देर रात आग लगी थी। हादसे के समय घर में उनकी पत्नी साइदा और तीन बच्चे मौजूद थे। आग की लपटों के बीच दो गैस सिलिंडर में जोरदार विस्फोट हुआ। इसकी चपेट में आने से साइदा और उनकी दो बेटियां अदन व मायरा की जान चली गई।
दमकल की दो गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में मकान को भी भारी नुकसान पहुंचा है। परिवार के एक बेटे और एक बेटी को दूसरे कमरे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे
Shamli News:घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी प्रवीण वर्मा और एसपी एनपी सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी के मुताबिक, साजिद मजदूरी करते हैं और घटना के समय घर से बाहर गए हुए थे। फिलहाल मकान में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।




