CG Politics: रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठन और नेताओं के बीच तालमेल को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस बार मामला प्रदेश की इकलौती कांग्रेस सांसद ज्योत्सना महंत के जन्मदिन से जुड़ा है। गुरुवार को उनका जन्मदिन था, लेकिन पार्टी के प्रदेश और केंद्रीय संगठन की ओर से कोई औपचारिक बधाई संदेश सामने नहीं आया। कांग्रेस नेतृत्व की इस कथित चुप्पी को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हैरानी की बात यह है कि सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय रहने वाली कांग्रेस अपनी ही पार्टी की एकमात्र सांसद को जन्मदिन की शुभकामनाएं देना भूल गई। वहीं, दूसरी ओर भाजपा के कई बड़े नेताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
शिवराज और CM साय ने दी शुभकामनाएं
जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समेत भाजपा के कई नेताओं ने ज्योत्सना महंत को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। कांग्रेस के कुछ विधायकों ने भी उन्हें बधाई दी, लेकिन पार्टी संगठन की ओर से कोई आधिकारिक संदेश जारी नहीं किया गया।
कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर उठे सवाल
CG Politics: प्रदेश में कांग्रेस की एकमात्र लोकसभा सांसद होने के बावजूद ज्योत्सना महंत के जन्मदिन पर संगठन की ओर से बधाई संदेश नहीं आना चर्चा का विषय बन गया है। इसे पार्टी के भीतर संगठनात्मक तालमेल और आपसी समन्वय की कमी से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, पार्टी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




