Chhattisgarh News:

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में बारिश ने रोकी धान खरीदी, केंद्रों में भरा पानी: टोकन लेकर लौटे किसान, खेतों में बर्बाद हो रही फसल, नुकसान देख छलका अन्नदाताओं का दर्द

Featured राज्य-छत्तीसगढ़

Chhattisgarh News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अकवान का असर अब किसानों पर भारी पड़ने लगा है। पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश ने धान खरीदी व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में उपार्जन केंद्रों में पानी भरने के कारण धान की तौल रोकनी पड़ी। जिन किसानों ने पहले से टोकन कटवा लिया था, वे किराए के वाहनों में धान लेकर केंद्र पहुंचे, लेकिन खरीदी नहीं होने के कारण उन्हें मायूस होकर वापस लौटना पड़ा।

मौसम की मार सिर्फ धान खरीदी केंद्रों तक सीमित नहीं है। खेतों में काटकर रखी गई धान की फसल बारिश में भीग रही है, जबकि कई जगह खड़ी फसल भी गिर गई है। इससे धान की गुणवत्ता खराब होने और अंकुरण होने का खतरा बढ़ गया है। रायपुर के निमोरा इलाके में फसल को हुए नुकसान के बारे में बताते हुए किसान सगु राम साहू भावुक हो गए। किसानों का कहना है कि एक तरफ मौसम उनकी मेहनत पर पानी फेर रहा है, तो दूसरी तरफ धान बेचने की चिंता भी सता रही है।

Chhattisgarh News: टोकन कटवाया, धान लेकर पहुंचे, लेकिन नहीं हुई खरीदी

Chhattisgarh News: बारिश के कारण प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को धान खरीदी प्रभावित रही। दुर्ग जिले में 1,092 टोकन जारी किए गए थे, लेकिन केवल 21 टोकन पर 83.72 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो सकी। गगापुर के किसान मोहन दास मानिकपुरी 300 कट्टा धान लेकर केंद्र पहुंचे थे, लेकिन बारिश के कारण उनकी उपज की तौल नहीं हो सकी। अब उन्हें दोबारा वाहन किराए पर लेने की चिंता सता रही है।

Chhattisgarh News: धमतरी जिले के 108 उपार्जन केंद्रों में से केवल आमदी और मगरलोड में ही धान खरीदी हो सकी। शंकरदाह सोसायटी में 20 नवंबर के लिए 27 किसानों के टोकन जारी हुए थे, लेकिन बारिश के चलते खरीदी नहीं हो पाई।

Chhattisgarh News: बिलासपुर से रायगढ़ तक खरीदी प्रभावित

Chhattisgarh News: बिलासपुर जिले के 154 खरीदी केंद्रों में से 122 केंद्रों में खरीदी शुरू हो चुकी थी। अब तक 2,856.16 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई थी, लेकिन शुक्रवार सुबह से हुई बारिश के कारण अधिकांश केंद्रों में तौल प्रभावित रही।

वहीं रायगढ़ जिले के 112 उपार्जन केंद्रों में से केवल 13 केंद्रों में ही खरीदी शुरू हो सकी है। जिले में 84,501 किसान पंजीकृत हैं। अब तक 232 किसानों से 1,308.72 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है। बारिश के चलते शुक्रवार को खरीदी घटकर करीब 200 क्विंटल रह गई।

सरगुजा में भी बंद करनी पड़ी खरीदी

सरगुजा जिले में शुक्रवार दोपहर बाद बारिश शुरू होने और मौसम खराब होने की आशंका के चलते सभी खरीदी केंद्रों में तौल बंद कर दी गई। खेतों में धान की कटाई और मिंजाई का काम भी रुक गया है। मौसम साफ होने के बाद ही कृषि कार्य दोबारा शुरू हो सकेंगे।

खरीदे गए धान को सुरक्षित रखना भी बड़ी चुनौती

Chhattisgarh News: बारिश के बीच खरीदी केंद्रों में पहले से रखे गए धान को सुरक्षित रखना भी अधिकारियों के लिए चुनौती बन गया है। कई केंद्रों में पानी भरने से धान को कैप कवर और तिरपाल से ढका जा रहा है। पानी निकासी के लिए नालियां बनाई जा रही हैं। जमीन की नमी से धान को बचाने के लिए चबूतरे, लकड़ी और भूसे की परत का सहारा लिया जा रहा है। इधर दुर्ग के कोलिहापुरी केंद्र में खाद गोदाम के भीतर धान रखने को लेकर किसान कांग्रेस ने आपत्ति जताई है। लगातार बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। अब किसानों को मौसम साफ होने और खरीदी दोबारा शुरू होने का इंतजार है।